फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून: बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में छात्र के साथ दुष्कर्म, छह दिन तक पर्दा डाले रहा स्कूल

Sat, 10 Aug 2019 10:18 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक
विज्ञापन

रायपुर क्षेत्र स्थित एक बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में कक्षा छह के छात्र से दुष्कर्म के आरोप में हरियाणा के एक सीनियर छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना छह दिन पुरानी बताई गई है। पीड़ित छात्र के पिता शुक्रवार को फीस जमा कराने पहुंचे तो बेटे ने रोते-रोते आपबीती सुनाई। 

विज्ञापन


पिता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना न तो पुलिस को दी और न उन्हें जानकारी देना जरूरी समझा। उल्टा आरोपी को भागने का मौका दिया। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

रायपुर क्षेत्र स्थित एक बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में कक्षा छह में शिक्षा ग्रहण करने पहुंचे दिल्ली के इस छात्र के साथ यह घटना तीन अगस्त को एक्सट्रा क्लास चलने के समय हुई। आरोप है हॉस्टल में रहने वाले हाईस्कूल के एक छात्र ने आतंकित कर गलत काम किया। 

विज्ञापन

स्कूल प्रबंधन आरोपी छात्र को निष्कासित करने की बात कह रहा

सीओ डालनवाला जया बलूनी के मुताबिक पीड़ित छात्र के पिता ने रायपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि वे शुक्रवार को फीस जमा कराने स्कूल आए तो बेटे ने उन्हें यह जानकारी दी। आरोप लगाया कि प्रिंसीपल के अलावा चेयरपर्सन को भी इसकी जानकारी दी थी। 

लेकिन आरोपी को पुलिस के हवाले नहीं किया। न इसकी जानकारी उन्हें दी गई। सीओ के मुताबिक पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना में आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ जया बलूनी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन आरोपी छात्र को निष्कासित करने की बात कह रहा है।

उधर, इस मामले में स्कूल मालिक से फोन पर बातचीत हुई तो उनका कहना था कि वे भी अपना पक्ष पुलिस के सामने रखेंगे। उनका आरोप है फीस की रकम जमा कराने का दबाव बनाने पर स्कूल को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। स्कूल प्रशासन छात्र के पिता पर मानहानि का दावा करेगा।
विज्ञापन

बोर्डिंग स्कूल में पहले भी हुआ छात्रा से दुष्कर्म

16 सितंबर 2018 को भाऊवाला (सेलाकुई) स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में भी 10वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। आरोप था कि छात्रा के साथ उसी के स्कूल के तीन नाबालिग और एक बालिग छात्र ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। प्रबंधन के सामने जब बात आई तो उन्होंने इसे छुपाने का प्रयास किया।

यही नहीं छात्रा का गर्भपात कराने को उसे चिकित्सकों के पास ले जाया गया। मामले में 17 सितंबर को पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल, प्रशासक व उसकी पत्नी और एक अन्य कर्मचारी समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से तीन नाबालिग छात्रों और प्रबंधन के लोगों की अदालत से जमानत हो चुकी है। 

यह गंभीर मामला है। यदि विवेचना के दौरान स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी छात्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अरुण मोहन जोशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें