देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र में किरायेदार पर बीमार व्यक्ति को झांसे में लेकर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और दंपती को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता गीता यादव की तहरीर पर पुलिस ने अभय कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गीता यादव के मुताबिक, अभय कुमार श्रीवास्तव वर्ष 2006 से अपनी पत्नी श्वेता के साथ उनके मकान में किराये पर रह रहा है। उसने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया था। आरोप है कि अभय ने उनके बीमार पति रवींद्र सिंह को क्रेडिट कार्ड का कम रकम में निपटान कराने का झांसा दिया। इसके नाम पर दो लाख रुपये लिए। इसके अलावा पेंट कारोबार में निवेश कराने के नाम पर एक लाख रुपये नकद लिए गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उनके पति के फोन और बैंक खातों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी भी हासिल कर ली। मोबाइल हैक होने की बात कहकर पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी तक बदलवा दी। इसके बाद बैंकों को मेल भेजकर रवींद्र सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का दावा किया। गीता के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दस दिनों से उन्हें और उनके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।