संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई/हरबर्टपुर। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सेलाकुई से विकासनगर तक तहसील प्रशासन और कुछ सफेदपोशों की शव यात्रा निकाली। नारेबाजी कर विरोध जाहिर किया। पछवादून में भूमि की खरीद-फरोख्त की सीबीआई जांच और तहसील के अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने रामपुर में हेलमेट पहना और हरर्बटपुर में शव का पिंडदान किया। तहसील परिसर में प्रतीकात्मक शव का दाह संस्कार किया। सेलाकुई स्थित राज्य आंदोलनकारी स्मारक पर पुष्प अर्पित करने के बाद कार्यकर्ताओं ने शव यात्रा की शुरुआत की। सहसपुर के रामपुर में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने हेलमेट पहन लिए। बजरंग दल के जिला संयोजक शेखर बंसल ने कहा कि ढाई वर्ष पूर्व कांवड़ यात्रियों पर पथराव हुआ था।
इसका आरोपी सफेदपोश बन खुलेआम घूम रहा है। ऐसे ही कई सफेदपोश तहसील के अधिकारियों के साथ मिलकर सरकारी भूमियों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफेदपोशों और उनसे मिलने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की पहचान के लिए भूमि खरीद-फरोख्त के मामलों की सीबीआई जांच होनी चाहिए। जिला सहमंत्री रमेश ढौंडियाल ने कहा कि पछवादून बचाओ आंदोलन की शुरुआत है। क्षेत्र के भूमाफिया पर जब तक कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। यात्रा में जिलाध्यक्ष कुलदीप, प्रदीप, मनीष नेगी, अमित तोमर, संजय अग्रवाल, तुषार श्रीवास्तव, विपिन, सुमित राणा, अक्षत राणाकोटी आदि शामिल रहे।