प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण में 95 विज्ञान शिक्षक लेंगे हिस्सा
28 दिसंबर 2025 से 12 जनवरी 2026 तक चलेगा प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राजकीय विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विज्ञान संवर्ग के शिक्षकों को इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी) बंगलूरू में वैज्ञानिक प्रशिक्षण व विज्ञान की बारीकियां सिखाई जाएंगी। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 95 शिक्षकों का चयन किया है। जिन्हें 28 दिसम्बर 2025 से 12 जनवरी 2026 तक आईआईएससी बंगलूरू में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजकीय विश्वविद्यालयों एवं शासकीय महाविद्यालयों में प्रयोगात्मक व शोधात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देकर उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करना है। इसके लिए विभाग ने इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस बंगलूरू के साथ एमओयू साइन किया है। इसके तहत प्रदेश के विज्ञान शिक्षकों को आईआईएससी में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विज्ञान संवर्ग के शिक्षकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 दिसम्बर से 12 जनवरी 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। जिसमें भौतिक विज्ञान के 25, रसायन विज्ञान 23, गणित 17, वनस्पति विज्ञान 15 एवं जंतु विज्ञान के 15 शिक्षक शामिल हैं।
-
आईआईएमसी के शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगे 50 छात्र-छात्राएं
उच्च शिक्षा विभाग के तहत विभिन्न राजकीय विश्वविद्यालयों एवं शासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विज्ञान वर्ग के 50 मेधावी छात्र-छात्राएं आईआईएससी, बंगलूरू के शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगे। इसके लिए छात्र-छात्राओं का चयन कर लिया गया है। चयनित छात्र-छात्राओं को 28 दिसम्बर से 12 जनवरी 2026 की अवधि में तीन दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा।
सरकार का संकल्प है कि शिक्षकों की अकादमिक एवं शोध क्षमता को लगातार सशक्त किया जाए। आईआईएससी, बंगलूरू जैसे देश के शीर्ष संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को विज्ञान की गहन समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना से जोड़ सकेंगे। -डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री