डीएवी पीजी कॉलेज में एडमिशन न होने पर विरोध जताते एनएसयूआई के छात्र।
छुट्टियों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत टीचरों ने एडमिशन सहित सभी कार्यों से हाथ खड़े कर दिए हैं। नतीजतन डीएवी कॉलेज में बुधवार को एक भी एडमिशन नहीं हो पाया। इससे गुस्साए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज बंद करा दिया।
डीएवी कॉलेज के टीचर लंबे समय से छुट्टियों पर पैदा हुए असमंजस के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार से उन्होंने कार्य बहिष्कार भी कर दिया है। इससे कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया लटक गई है। दूर-दराज से एडमिशन लेने पहुंचे छात्रों को भटकते देखकर एनएसयूआई ने विरोधस्वरूप कॉलेज बंद करवा दिया। उन्होंने प्राचार्य को भी घिराव किया और एडमिशन प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने की मांग की। इस दौरान उनकी तीखी बहस भी हुई। एनएसयूआई नेता हिमांशु रावत ने कहा कि टीचरों के आंदोलन की वजह से छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही है। इसलिए जल्द से जल्द इसकी व्यवस्था की जाए। बाद में प्रिंसिपल डॉ. अजय सक्सेना ने बृहस्पतिवार से सेल्फ फाइनेंस कोर्स के स्टाफ की सहायता से एडमिशन शुरू करने का आश्वासन दिया तो छात्र माने। उधर, ग्रुटा के संयुक्त सचिव डॉ. एचवी पंत ने कहा कि जब तक छुट्टियों पर असमंजस दूर नहीं होगा, उनका आंदोलन सभी अशासकीय महाविद्यालयों में जारी रहेगा।
डीबीएस में सेल्फ फाइनेंस के हवाले व्यवस्थाएं
डीबीएस कॉलेज में भी लगातार दूसरे दिन सेल्फ फाइनेंस कोर्स के स्टाफ के हवाले व्यवस्थाएं रहीं। यहां कॉलेज के सभी टीचर आंदोलन पर रहे।
एसजीआरआर में भी प्रदर्शन
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में भी टीचरों ने छुट्टियों के लिए चल रहे आंदोलन में हिस्सा लिया। यहां टीचरों ने प्रदर्शन किया।