ख्याली दत्त शर्मा और साथी शिक्षकों ने पेश की मिसाल
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट के प्रधानाध्यापक ख्याली दत्त शर्मा और स्कूल के साथी शिक्षकों के प्रयास से वर्ष 2016 में 38 छात्र संख्या वाले स्कूल में अब 324 बच्चे अध्ययनरत हैं। खास बात यह है कि इस स्कूल के 50 से अधिक बच्चे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल एवं अन्य सैनिक स्कूलों में दाखिला पा चुके हैं। यही वजह है कि स्कूल में बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों की लंबी लाइन लगी रहती है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ख्याली दत्त शर्मा के मुताबिक स्कूल के शिक्षकों ने शिक्षक का जो दायित्व होता है, उसे ईमानदारी से निभाया। स्कूल समय के बाद बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त में तैयारी कराई जाती है।
श्रीवास्तव की अनूठी पहल से शत प्रतिशत हुआ स्कूल का परिणाम
राजकीय इंटर कॉलेज भगवानपुर धारकोट के प्रधानाचार्य डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं साथी शिक्षकों के प्रयास से स्कूल का 10वीं और 12वीं का परिणाम पिछले चार साल से शत प्रतिशत है। स्कूल के प्रधानाचार्य के मुताबिक कोई बच्चा पढ़ाई में कमजोर न रहे इसके लिए लॉटरी निकालकर हर शिक्षक को चार से पांच बच्चों की जिम्मेदारी दी गई।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: प्रदेश के लिए कारगर हो सकती है तेलंगाना की 5-जी एंबुलेंस, आपात चिकित्सा को मिलेगी नई रफ्तार
इसके अलावा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को स्कूल में मुफ्त मध्याह्न की सुविधा दी जा रही है। इस पर आने वाला खर्च स्कूल के प्रधानाचार्य और साथी शिक्षक उठा रहे हैं। स्कूल प्रधानाचार्य के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उनका चयन शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए किया गया है। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर उन्हें राज्यपाल पुरस्कृत करेंगे।