प्रावि खुन्ना के बाहर शिक्षक के आने का इंतजार करते छात्र।
- फोटो : VIKAS NAGAR
खुन्ना ग्राम पंचायत के लोगों ने गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैैनात शिक्षक पर अक्सर गायब रहने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार को भी शिक्षक के न आने से स्कूल में ताला लटका रहा। छात्र घंटों धूप में बैठ स्कूल खुलने का इंतजार करते रहे। लोगों ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार, गीताराम, गुड्डू दास, गोपाल, बबलू, अतुल चौहान, रोशन दास, हाकम सिंह, परम सिंह, नितिन तोमर, केदार सिंह, शूरवीर सिंह, दीवान सिंह, खजान सिंह आदि का कहना है कि स्कूल में अध्ययनरत 9 छात्रों के पर एक शिक्षक की तैनाती की गई है, लेकिन संबंधित शिक्षक अक्सर स्कूल से गायब रहता है। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ता है। आरोप लगाया कि कई बार समय से पूर्व ही स्कूल बंद कर दिया जाता है। पूर्व में भी मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि यदि शिक्षक की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आता तो ग्रामीणों को छात्रों को स्कूल से निकालने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।
वहीं, उपखंड शिक्षाधिकारी पूजा नेगी दानू ने बताया कि मामले में सीआरसी से रिपोर्ट मांगी जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर वेतन काटने की संस्तुति की जाएगी।