उत्तराखंड में संकुल संदर्भ व्यक्ति (सीआरपी) और ब्लाक संदर्भ व्यक्ति (बीआरपी) का परीक्षा परिणाम घोषित न होने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई है।
राजकीय शिक्षक संघ ने शिक्षा विभाग से जल्द परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग उठाई है। 10 दिसंबर 2014 को सीआरपी और बीआरपी के पदों के लिए परीक्षा हुई। लेकिन इसका परीक्षा परिणाम लटका हुआ है। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह ने कहा कि परिणाम घोषित होने में देरी चिंता का विषय है।
विभाग जानबूझकर इसे लटका रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने तबादलों में शिक्षकों की दुर्गम की सेवाएं जोड़ने और अतिथि शिक्षकों की जगह स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति करने की भी मांग उठाई।
शासन पर है दबाव
प्रदेश में कुछ शिक्षक सीआरपी और बीआरपी के पद पर नई नियुक्ति चाहते हैं तो कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। विरोध करने वाले शिक्षकों का कहना है कि वे पहले से चयनित हैं। उन्हें न हटाया जाए। सूत्रों के अनुसार इसके लिए दोनों ओर से सरकार और शासन पर दबाव है।
सीआरपी और बीआरपी का परीक्षा परिणाम घोषित होने में अभी कुछ और समय लगेगा। कोशिश की जा रही है कि जल्द रिजल्ट घोषित हो।
- आरडी शर्मा, अपर निदेशक एससीईआरटी