फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षक ने स्कूल के सभी 30 छात्र-छात्राओं की काट दी टीसी, विभाग बेखबर, पढ़ें क्या है पूरा माजरा...

Tue, 30 Jul 2019 09:49 AM IST
अलका त्यागी अमर उजाला, कनालीछीना (पिथौरागढ़)
विज्ञापन
विज्ञापन

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जूनियर हाईस्कूल द्वालीसेरा में 10-15 दिन के भीतर एक शिक्षक ने स्कूल के 30 छात्र-छात्राओं की टीसी काट दी। जब स्कूल में एक भी छात्र नहीं रहा तो इस शिक्षक को बचकोट स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया। इतने कम समय के अंतराल में स्कूल के छात्रविहीन होने के कारण को जानने की कोशिश भी अधिकारियों ने नहीं की।

विज्ञापन


स्कूल पूरी तरह से बंद होने पर सोमवार को जब अभिभावक इसकी शिकायत लेकर खंड शिक्षा अधिकारी के पास पहुंचे तो विभाग में खलबली मच गई। अभिभावकों का आरोप है कि इस दुर्गम क्षेत्र के विद्यालय में शिक्षक कार्य नहीं करता चाहते हैं। इसलिए छात्रों की टीसी काट दी गई।

मामला संज्ञान में आने पर डीईओ (बेसिक) ने छात्रों के टीसी काटने के मामले को गंभीर बताते हुए बीईओ को मामले की जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में स्कूल में दो शिक्षक थे।
विज्ञापन


इनमें से एक को ग्राम प्रधान की शिकायत पर पहले ही बीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया। इसके बाद एक मात्र शिक्षक पर अलग-अलग कक्षाओं के 30 बच्चों की जिम्मेदारी पड़ने से यह सारा घटनाक्रम उभरकर सामने आया। 

सोमवार को अभिभावक कनालीछीना पहुंचकर खंड शिक्षाधिकारी हरक राम कोहली से मिले।  अभिभावकों ने बताया कि पीपली क्षेत्र के द्वालीसेरा में 2005 में जूनियर हाईस्कूल खोला गया था। उस समय विद्यालय में छात्र-छात्राओं की अच्छी खासी संख्या थी। वर्तमान में विद्यालय में 30 बच्चे पढ़ रहे थे।

इन बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल में एकमात्र शिक्षक था। आरोप है कि इस अध्यापक ने 10-15 दिन के भीतर एक-एक कर सभी 30 बच्चों की टीसी काट दी। इसके बाद स्कूल बंद हो गया है। अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चों को अब पढ़ाई के लिए पांच किमी दूर पीपली जाना पड़ रहा है। स्कूल जाते वक्त जंगल का रास्ता है, वन्य जीवों का खतरा बना रहता है। बच्चों के साथ उन्हें भी जाना पड़ रहा है। उन्होंने स्कूल को नियमित संचालित करने की मांग उठाई। 

अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल में पहले दो शिक्षक थे। इनमें से एक नशे में स्कूल आता था जिसे स्कूल से हटा दिया गया। ऐसे में बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल में एकमात्र शिक्षक रह गया। अभिभावकों का आरोप है कि इस दुर्गम क्षेत्र के विद्यालय में शिक्षक कार्य नहीं करता चाहते हैं। इसलिए छात्रों की टीसी काट दी गई।
विज्ञापन

वहीं, खंड शिक्षाधिकारी हरक राम कोहली ने बच्चों की टीसी काटने पर नाराजगी जताते हुए अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने को कहा है। कोहली ने भरोसा दिलाया है कि शीघ्र ही स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। 

ये अभिभावक मिले बीईओ से
खंड शिक्षा अधिकारी से मिलने वालों में मनोज सिंह भंडारी, लच्छी राम, दानू राम, शेर सिंह, दानी राम, प्रताप राम, कल्याण राम, पूरन, प्रकाश, खुशाल राम, कृपाल राम, शेर राम, लालू राम समेत कई अभिभावक शामिल थे। 

एक साथ 30 बच्चों की टीसी काटने का मामला संज्ञान में आया है। यह बेहद गंभीर मामला है। कनालीछीना के खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती करने और इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  
- शौकत अली, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक), पिथौरागढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें