देहरादून। अतिक्रमण के खिलाफ टास्क फोर्स ने बुधवार को भी अभियान चलाकर मुख्य सड़कों पर मौजूद 130 अतिक्रमण ध्वस्त किए। इस दौरान 237 अवैध कब्जों को दोबारा सत्यापन किया गया। इसके अलावा 101 भवनों को सीलिंग का नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा टीम ने एक नया अतिक्रमण भी चिह्नित किया।
टास्क फोर्स ने बुधवार को कारगी चौक, हरिद्वार बाईपास, चकराता रोड समेत कई जगहों पर अभियान चलाया। टीम ने जैसे ही जेसीबी के जरिये अतिक्रमण ध्वस्त करने शुरू किए। कई अतिक्रमणकारी खुद ही अतिक्रमण तोड़ने लगे। कार्रवाई के बाद लोक निर्माण विभाग के वाहनों के जरिये मलबा उठवाया गया। दूसरी ओर प्रेमनगर में अतिक्रमण हटाने के बाद सुबह काफी जाम लगा रहा। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
अभियान में तेजी लाएं अधिकारी
देहरादून। अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स में लगे अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने कहा कि जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां पिलर लगाए जाएं, जिससे दोबारा अतिक्रमण न हो। सर्वे चौक स्थित ऑडिटोरियम में बुधवार को बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने कहा कि 28 सितंबर तक अभियान चलेगा। अतिक्रमण हटने के बाद सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग, वेंडिंग जोन और बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे।