राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रही उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के इस सत्र में उत्तराखंड की नई क्रिकेट प्रतिभाएं अपने प्रदर्शन से लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। टूर्नामेंट के आंकड़ों में जहां बल्लेबाजों के बल्ले से चौकों-छक्कों की बौछार देखने को मिल रही है। वहीं गेंदबाज भी विकेटों की झड़ी लगाकर अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
रनों के मामले में विजय शर्मा सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 221 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बाद युवराज चौधरी 183 रन और आंजनेया सूर्यवंशी 182 रन के साथ मौजूद हैं। इस सत्र की अब तक की एकमात्र शतकीय पारी दीक्षांशु नेगी के बल्ले से निकली। उन्होंने नाबाद 108 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अर्धशतक लगाने के मामले में भी विजय शर्मा आगे हैं। उन्होंने तीन बार पचास रन का आंकड़ा पार किया है। युवराज चौधरी और आंजनेया सूर्यवंशी ने दो-दो अर्धशतक लगाए हैं। छक्के लगाने के मामले में विजय शर्मा का दबदबा कायम है। उन्होंने अब तक 24 छक्के जड़े हैं। आंजनेया सूर्यवंशी के नाम 13 और युवराज चौधरी के नाम 12 छक्के हैं। चौकों के मामले में शतकवीर दीक्षांशु नेगी 17 चौकों के साथ सबसे आगे हैं।
कुणाल चंदेला और आंजनेया सूर्यवंशी ने 14-14 चौके लगाए हैं। गेंदबाजी में रविंदर नेगी सबसे अधिक 10 विकेट लेकर शीर्ष पर हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन महज तीन रन देकर छह विकेट लेने का रहा है। वहीं अदि खान ने 26 रन देकर पांच विकेट चटकाकर इस सत्र का अब तक का एकमात्र पांच विकेट वाला शानदार प्रदर्शन किया है। जनमेजय जोशी और देवेंद्र बोरा ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। दोनों गेंदबाजों ने आठ-आठ विकेट हासिल किए हैं। जनमेजय जोशी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर चार विकेट और देवेंद्र बोरा का 10 रन देकर तीन विकेट रहा है।