- आशा कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित उपकेंद्रों पर तैनात आशा कार्यकर्ताओं को क्वांसी उपकेंद्र पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवजात शिशुओं की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर बच्चों में होने वाली कुपोषण की समस्या से बचाव के लिए किए जाने वाले उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में शामिल हुई लाखामंडल, मानथात, कांडोई, बौंदूर, कुन्ना आदि उपकेंद्र की आशाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के ब्लाक समन्वयक महावीर राणा ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से यह प्रयास किया जा रहा है कि बाल रोग व शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने, बच्चों के विकास को बढ़ावा देने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को बेहद सजगता के साथ काम करना है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए यह जरूरी है कि वह घर-घर जाकर नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की नियमित रूप से देखभाल करें। इस दौरान उपकेंद्र क्वांसी की एएनएम ममता, आशा कार्यकर्ता नीता, उर्मिला, सरोज, दिव्या, प्रियंका, शीला, गीता, शांता, संगीता, प्रेमा आदि मौजूद रहे।