आयरलैंड के खिलाफ वनडे व टी-20 सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलने के लिए अफगानिस्तान की टीम 10 फरवरी को दून पहुंचेगी। अफगान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इसकी अधिकृत सूचना दी गई है। टीम से कुछ दिन पहले बोर्ड के कुछ सदस्य दून पहुंचकर व्यवस्थाएं जुटाएंगे।
विज्ञापन
अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच 21 फरवरी से रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तीन टी-20 और पांच वन डे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 15 से 19 मार्च तक दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा। अफगानिस्तान टीम ने पिछले वर्ष रायपुर स्थित स्टेडियम को अपना होम स्टेडियम बनाया था। उसके बाद अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीम के बीच प्रतियोगिता खेली गई थी।
होम ग्राउंड होने के चलते अफगानिस्तान की टीम 10 फरवरी को दून पहुंच जाएगी। इसके बाद टीम 14 फरवरी तक अलग-अलग सत्रों में स्टेडियम में अभ्यास करेगी। साथ ही स्थानीय परिस्थितियों से तारतम्य बैठाने का प्रयास करेगी। 15 और 17 फरवरी को अफगानिस्तान और उत्तराखंड की टीमों के बीच टी-20 अभ्यास मुकाबला खेला जाएगा। रायपुर स्पोर्ट्स एरिना के मीडिया एंड लाइजन अफसर मानव भंडारी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बोर्ड की तरफ से विस्तृत कार्यक्रम प्राप्त हो गया है।
मुकाबला दिनांक
पहला टी-20 21 फरवरी
दूसरा टी-20 23 फरवरी
तीसरा टी-20 24 फरवरी
पहला वन डे 28 फरवरी
दूसरा वन डे 02 मार्च
तीसरा वन डे 05 मार्च
चौथा वन डे 08 मार्च
पांचवा वन डे 10 मार्च
एकमात्र टेस्ट 15 से 19 मार्च