स्वाइन फ्लू से पार पाने में सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। इसके बाद भी घबराने की जरूरत नहीं है मौसम जल्द ही स्वाइन फ्लू के कदम थाम लेगा। गर्मी बढ़ने के साथ ही स्वाइन फ्लू का प्रकोप खुद-ब-खुद खत्म हो जाएगा।
विशेषज्ञों की मानें तो 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान हो जाने पर स्वाइन फ्लू का वायरस समाप्त हो जाता है।
स्वाइन फ्लू के केस दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पास इससे निपटने को लेकर इंतजाम नहीं हैं। अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की दवा तक नहीं है।
अकेले रुड़की की बात करें तो पांच लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें एक महिला की मौत हो चुकी है। देशभर में 663 लोगों की मौत स्वाइन फ्लू से हो चुकी है। दस हजार से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। इससे स्वाइन फ्लू का भय बढ़ता जा रहा है।