आईआईटी में सीबीआई टीम के आने पर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। कैंपस में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। सीबीआई टीम भले ही जांच को श्रीनगर स्थित एनआईटी से जुड़ा मामला बता रही हो लेकिन कुछ लोग इसे संस्थान के ही एक वैज्ञानिक की राष्ट्रपति और मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजी गई शिकायतों की प्रतिक्रिया बता रहे हैं।
बुधवार को सीबीआई की टीम ने आईआईटी रुड़की पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। आईआईटी निदेशक के संस्थान में मौजूद न होने के कारण टीम ने रजिस्ट्रार सहित अन्य अधिकारियों से बंद कमरे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं हालांकि टीम के सदस्यों ने ज्यादा जानकारी न देते हुए एनआईटी श्रीनगर के उपकरण खरीद घोटाले के संदर्भ में जांच की बात कही थी।
लेकिन सूत्रों की माने तो बात इतनी ही नहीं है बल्कि टीम संस्थान के संबंध में की गई शिकायतों के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटा कर ले गई है।