आपको अगर खांसी, जुकाम, बुखार और छींक आने की शिकायत है तो जरूरी नहीं आप स्वाइन फ्लू (इंफ्लुएंजा एच1एन1) संक्रमण की चपेट में है। यह सामान्य वायरल भी हो सकता है। यह कहना है दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विजय भंडारी का। चिकित्सक के मुताबिक शुरुआती लक्षण सामने आने पर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए तो किसी भी बड़ी बीमारी से बचा जा सकता है। हर व्यक्ति को जांच करवाने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में स्वाइन फ्लू के 50 से भी अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग हर स्तर पर तैयारी कर रहा है। स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद कहीं न कहीं लोगों के मन में भी चिंता पैदा हो गई है।
स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण सामने आने पर लोग घबरा जाता हैं। अगर उनको सामान्य वायरल है तो भी वे इसे स्वाइन फ्लू मान लेते हैं। इस स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से डरने की नहीं बल्कि सावधानी बरतने की अपील की है। दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. भंडारी बताते हैं कि इसके लक्षण सामान्य वायरल के समान होते हैं।
अगर शुरुआती में ही सावधानी बरती जाए तो संक्रमण को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है। हालांकि छाती में दर्द और खांसी में खून जैसे गंभीर लक्षण आएं तो अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक को दिखाना और जांच कराना भी बेहद जरूरी है।