दून में स्वाइन फ्लू तेजी से पांव पसार रहा है। शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती रहे सौ मरीजों के सैंपलों में से 34 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसमें 24 मरीज दून, छह अन्य जनपदों एवं चार मरीज अन्य राज्यों के हैं। वहीं बीते दिनों हिमालयन अस्पताल में स्वाइन फ्लू के जिन तीन संदिग्धों की मौत हुई, रिपोर्ट में उनके स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि नहीं हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर जांच के लिए इसके सैंपल भेजे गए थे। इस महीने सबसे अधिक 46 सैंपल भेजे गए। जबकि मई में नौ और जून में 14 सैंपल भेजे गए। इसमें हिमालयन हॉस्पिटल के पांच, मैक्स के दो और दून अस्पताल के दो स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की अब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ पाई है।
स्वाइन फ्लू से हुई थी दो की मौत
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती दून निवासी जसपाल की 25 जुलाई एवं अनीता नेगी की इसके अगले दिन 26 जुलाई को मौत हो गई थी। दोनों स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज थे। जिनके स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल भेजे गए थे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक 28 जुलाई को इनकी जांच रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट में दोनों को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।
डेंगू के 48 संदिग्ध, चार की हुई पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू के 1472 सैंपल जांच के लिए गए हैं। इसमें जून महीने में 405 और इस महीने सबसे अधिक 435 सैंपल लिए गए। इसमें से चार मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है।