प्रदेश में स्वाइन फ्लू से एक युवक की मौत हो गई। दिल्ली से ब्लड सैंपल की रिपोर्ट आने के एक दिन पहले रोगी मर गया। स्वाइन फ्लू से प्रदेश में यह पहली मौत बताई जा रही है।
देहरादून में अब तक पांच और रोगियों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। स्वाइन फ्लू की रोकथाम में लापरवाही बरत रहा स्वास्थ्य महकमा रोगी की मौत के बाद मामले की लीपापोती में जुट गया है। अफसर इस संबंध में बात करने से कतरा रहे हैं।
हिमालयन इंस्टीट्यूट अस्पताल जौलीग्रांट में कुछ दिन पहले रुड़की के एक युवक को इलाज के लिए भर्ती किया गया था। उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए थे। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सीएमओ कार्यालय को सूचना दी।
रोगी का ब्लड सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा गया। रोगी की रिपोर्ट 4 फरवरी को आई। जांच में रोगी स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया। इस पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीम जौलीग्रांट पहुंची तो पता चला कि रोगी को परिजन घर ले गए हैं।