उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। लगातार हो रही मौत और तेजी से बढ़ रहे मरीजों की तादाद के बावजूद भुगतान नहीं होने पर दिल्ली की दवा कंपनी ने विभाग को दवा सप्लाई से मना कर दिया है।
कंपनी का विभाग पर करीब 31 हजार रुपये बकाया है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने इस बाबत अतिशीघ्र बजट जारी करने का दावा किया था।
स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली की दवा कंपनी हाइड्रो ड्रग्स लिमिटेड से 1050 टेमी फ्लू के कैप्सूल मंगाए थे। इसमें 350 कैप्सूल दून अस्पताल को दिए गए थे। 100 कैप्सूल सीएमओ स्टोर में थे। बाकी डिस्ट्रिक सर्विलांस अफसर को दिए गए। यह दवाएं खत्म होने वाली है। इस पर विभाग ने कंपनी को छह आर्डर और भेजे, लेकिन कंपनी ने दवा देने से मना कर दिया।
कंपनी अफसरों ने विभाग से कहा है उसने आर्डर लॉक कर दिए हैं। बकाया भुगतान के बाद ही दवा आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने नई दवा कंपनी राजस्थान ड्रग्स लिमिटेड एंड फार्मास्युटिकल्स को 1100, 1200 और 900 टेमीफ्लू कैप्सूल के अलग-अलग छह आर्डर भेजे हैं।
नई कंपनी बिना पेशगी लिए पहली खेप सप्लाई करेगी। मगर वक्त पर भुगतान नहीं हुआ तो यह कंपनी भी दवा सप्लाई नहीं करेगी। सवाल उठता है कि इसके बाद रोगी बढ़ने और उनके संपर्क में आने वालों को विभाग कहां से दवा देगा। सीएमओ डा. एसपी अग्रवाल का कहना है कि जैसे ही महानिदेशक कार्यालय से पैसा आ जाएगा, भुगतान कर दिया जाएगा।