साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीके से दो लोगों से करीब 4.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक मामले में डॉक्टर की ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के नाम पर मोबाइल में संदिग्ध एप डाउनलोड कराया गया, जबकि दूसरे मामले में पांच हजार रुपये के गिफ्ट कार्ड का लालच देकर पीड़िता से ठगी की गई। दोनों ही मामलों में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ममता देवी के अनुसार 27 जुलाई को उनके पति ने देहरादून के डॉक्टर रवि लाल का फोन नंबर गूगल पर सर्च किया था। इस दौरान मिले नंबर पर संपर्क करने पर कॉल करने वाले ने डॉक्टर की बुकिंग के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने की बात कही। इसके बाद उनके पुत्र के मोबाइल नंबर पर दूसरे नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर एक एप डाउनलोड कराया गया। ठगों ने पहले 10 रुपये टोकन मनी भेजने को कहा। ममता देवी ने अपने पंजाब नेशनल बैंक खाते से 10 रुपये भेजने का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से कोई संपर्क नहीं किया। पांच अगस्त को खाते से रकम भेजने के दौरान पता चला कि उनके खाते से दो लाख 98 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
दूसरे मामले में तनाज बख्शी ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दी कि सात अगस्त को कुछ लोगों ने फोन कर उन्हें पांच हजार रुपये का गिफ्ट कार्ड जीतने की जानकारी दी। इसके बाद गिफ्ट कार्ड पाने के लिए पहले 899 रुपये शिपिंग शुल्क मांगा गया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने फोन पर संपर्क बनाए रखा और गूगल प्ले में प्रोमो कोड डालने की प्रक्रिया बताई। इसके बाद उनके खाते से 90,099 रुपये डेबिट हो गए। फिर 18,001 रुपये की एक और रकम ट्रांसफर कर दी गई। इस तरह पीड़िता से कुल करीब 1,15,190 रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हुई। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।