भाजपा के दिवंगत नेता उमेश अग्रवाल की गंभीर बीमारी को ठीक करने के नाम पर 21.50 लाख की रकम ठगने के आरोपी मगन दंपति पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। कनखल पुलिस सरगर्मी से दंपति की तलाश में जुटी है।
उमेश अग्रवाल के बेटे प्रांजल अग्रवाल ने कनखल थाने में कथित चिकित्सक अजय मगन, उसकी पत्नी पूजा मगन और दो अन्य महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी कर रकम वसूलने व हत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उनके पिता कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात अजय मगन से हुई है और अजय मगन, उसकी पत्नी पूजा ने पिता को ठीक होने का वायदा किया था।
कई माह तक चले इलाज के नाम पर उनसे कई लाख की रकम ले ली गई थी, लेकिन कथित चिकित्सक अजय मगन के इलाज से कोई फायदा नहीं हुआ था। इस वर्ष जून माह में सिंगापुर में इलाज के दौरान उनके पिता का निधन हो गया था।
कनखल पुलिस ने आरोपी चिकित्सक के संबंध में कई अहम जानकारियां हासिल कर ली है। अब पुलिस की कोशिश आरोपी दंपति को दबोचने की है। एसओ हरिओमराज चौहान ने बताया कि आरोपी दंपति की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।