दिल्ली में टॉस्क पूरा करने के लिए भेजी थी पिस्टल
उत्तराखंड एसटीएफ ने आतंकियों से जुड़े जिस संदिग्ध को गिरफ्तार किया है उसे पिस्टल भी उसके पाकिस्तानी आकाओं ने ही उपलब्ध करवाई थी। उसे दिल्ली में एक बड़ी महिला अधिवक्ता को निशाना बनाने का टास्क दिया गया था।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बद्र ब्रिगेड से जुड़े आतंकी शहजाद भुट्टो ने उसे टास्क पूरा करने के लिए पिस्टल उपलब्ध कराई थी। विक्रांत के पास विदेश में बनी वह पिस्टल बरामद भी की गई है। पूछताछ में ये भी जानकारी सामने आई है कि हिंदू आस्था से जुड़े कुछ स्थानों को भी निशाना बनाने की तैयारी थी।
पाकिस्तानी आंतकियों के साथ विक्रांत की बातचीत के जो प्रमाण मिले हैं, उसमें हैंड ग्रेनेड से हमले जैसी बातें की गई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का टास्क भी दिया गया था। इन सभी कामों के बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर बसाने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था।