गांव चोली शहाबुद्दीनपुर में राशिद के 10 वर्षीय बेटे शारिक को कई दिन से बुखार आ रहा था। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, मंगलवार रात बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इसी गांव की 26 वर्षीय रिजवाना भी बुखार से पीड़ित थी। वह भी चल बसी। वहीं, मोहितपुर गांव निवासी सुनील की नौ वर्षीय बेटी आयुषी को भी बुखार की शिकायत थी। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे। बच्ची ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एक अन्य बच्चे की भी मौत की खबर है, हालांकि अभी उसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम है तो लोगों में दहशत बनी है। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र प्रभारी डॉ. विक्रांत सिरोही ने चोली शहाबुद्दीनपुर गांव के शारिक की मौत दिमागी बुखार से होने की पुष्टि की है। अलबत्ता, उनका कहना है कि मोहितपुर की बच्ची के गले में इन्फेक्शन के कारण उसकी मौत हुई है।