विकासनगर। त्यूनी थाना क्षेत्र के रड़ू गांव में एक व्यक्ति की बाथरूम में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को थाना पुलिस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी से एक डेथ मेमो प्राप्त हुआ। इस पर पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि विक्रम (36) पुत्र ध्यान सिंह निवासी ग्राम रड़ू थाना त्यूनी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार विक्रम सुबह नहाने के लिए बाथरूम गए थे, जहां गिरकर वह बेहोश हो गए। उनके गिरने की आवाज सुन परिजन बाथरूम की ओर दौड़ पड़े। उन्हें बाथरूम से बाहर निकाल आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संदीप पंवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के लिए बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले की जांच की जा रही है।