फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘केदारनाथ’ फिल्म से देवभूमि के करीब आए थे सुशांत, उन्होंने कभी नहीं दिखाया स्टारडम

Mon, 15 Jun 2020 04:16 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
सुशांत सिंह राजपूत - फोटो : Social Media
विज्ञापन
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दुनिया को अलविदा कहने पर उत्तराखंड में उनके प्रशंसक दुखी हैं। सुशांत ने केदारनाथ फिल्म में मुख्य किरदार निभाया था। सुशांत देवभूमि के पौराणिक स्थलों से खासा प्रभावित थे।    
विज्ञापन


सितंबर 2017 में सुशांत केदारनाथ फिल्म की शूटिंग के दौरान कई दिनों तक रुद्रप्रयाग में रहे। इस फिल्म में सुशांत के साथ सारा अली खान मुख्य भूमिका में थे। शूटिंग के दौरान सुशांत ने त्रियुगी नारायण में पूजा-अर्चना भी की थी।

बॉलीवुड क्रिएटिव प्रोड्यूसर सुमित अदलखा ने बताया कि शूटिंग के अलावा समय निकालकर देवभूमि की धार्मिक एवं पौराणिक परंपरा को जानने की कोशिश करते थे। वहीं, भारतीय दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी पर बनी फिल्म में भी सुशांत के अभिनय को प्रदेशवासियों ने खासा पसंद किया।
विज्ञापन

विवादों में भी रही थी फिल्म

फिल्म में कई बोल्ड सीन होने के कारण यह फिल्म विवादों में भी रही। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थल से जुड़ी फिल्म में बोल्ड सीन होने का विरोध किया था। 

‘केदारनाथ’... विवादित और विस्मृत प्रस्तुति वाली एक फिल्म थी। मुख्य अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत थे । स्क्रिप्ट और कहानी पर इतना विवाद उभरा कि उत्तराखंड के सात जिलों में इसके रिलीज पर बैन लगा दिया गया। लेकिन हीरो की चर्चा गली-गली हुई।

28 दिन तक रुद्रप्रयाग में इस फिल्म की शूटिंग के दौरान सुशांत के  साथ काम करने वाले लोगों को उनका स्वभाव, सरलता और काम के प्रति समर्पण खासा पसंद आया। वे सभी आज स्तब्ध और दुखी हैं। दुख उन्हें हरदिल अजीज अभिनेता के दुनिया से रुखसत होने का है और हैरानी खुदकुशी पर, जिसके कारण के बारे में कयास लगाना भी मुश्किल लग रहा है। 

‘सुशांत के व्यवहार को देखकर लगा ही नहीं कि वह एक स्टार हैं। ‘केदारनाथ’ फिल्म की 28 दिन की शूटिंग के दौरान उन्होंने कभी स्टारडम नहीं दिखाया। हर किसी से आम आदमी की तरह मिले’। यह कहना है ‘केदारनाथ’ में यात्री की भूमिका निभाने वाली कुणजेठी गांव निवासी कृतिका राणा का। वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी की खबर से स्तब्ध हैं। 

केदारनाथ के कई दृश्य त्रियुगीनारायण में फिल्माए गए थे। इस फिल्म की शूटिंग के लिए सुशांत सिंह राजपूत तीन साल पहले 2017 में त्रियुगीनारायण पहुंचे थे। फिल्म में उनके छोटे भाई का रोल निभाने वाले अक्षत भट्ट भी सुशांत के अब इस दुनिया में न रहने की खबर से आहत हैं। बकौल अक्षत सुशांत के साथ उन्होंने करीब पखवाड़े भर शूटिंग की। इस दौरान उन्हें बराबर सुशांत का स्नेह मिला।


बता दें कि गाइ इन द स्काई पिक्चर्स के बैनर तले बनी फिल्म ‘केदारनाथ’ में अभिनेता सुशांत राजपूत ने मंसूर नाम के मुस्लिम युवक की भूमिका निभाई थी, जो तीर्थयात्रियों को पिट्ठू (कंडी) पर ढोकर धाम पहुंचाता है। 16/17 जून, 2013 की केदारनाथ आपदा पर बनी फिल्म में केदारघाटी को बेहद खूबसूरती से फिल्माया गया था। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर काफी विवाद हुआ था। 
विज्ञापन

बाबा केदार के भी दर्शन किए थे सुशांत ने

‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान सुशांत केदारनाथ धाम भी गए थे। वहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए थे। साथ ही पुलिस के जवानों से बातचीत कर वहां के हालात के बारे में भी जानकारी ली थी। त्रियुगीनारायण के आशीष गैरोला और दिवाकर गैरोला बताते हैं कि यह पहला मौका था, जब उनके गांव में किसी बड़े बैनर की फिल्म की शूटिंग हुई थी। 

उत्तराखंड में दिखी थी मूवी हब बनने की संभावना 

रंगकर्मी डॉ. राकेश भट्ट बताते हैं कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सुशांत राजपूत बेहद सामान्य व्यक्ति की तरह रुद्रप्रयाग में  रहे। उनसे बातचीत का अवसर मिला तो उन्होंने उत्तराखंड में फिल्म हब बनने की संभावना बताई थी।

डॉ. भट्ट के मुताबिक सुशांत बेहद तसल्ली से शॉट देने वाले कलाकार थे। उनमें शूटिंग के दौरान बहुत धैर्य देखने को मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें