श्रम विभाग के अनुसेवक का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने से विभाग में हड़कंप मचा है। वीडियो क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी तक पहुंचा तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया।
विधायक के निर्देश पर एसडीएम अनिल चन्याल ने श्रम विभाग के कार्यालय में छापा मार तो वहां अधिकारी और कर्मचारी नदारद मिले। एसडीएम ने उपस्थिति पंजिका में टिप्पणी लिखकर मामले से डीएम को अवगत कराया है। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
वायरल हुए विडियो में श्रम विभाग का अनुसेवक गैंड़ाखाली निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा से छात्रवृत्ति की फाइल मंजूर कराने के लिए 1500 रुपये लेते दिखाई दे रहा है। यह विडियो सोमवार को विधायक तक पहुंचा तो उन्होंने मामले को गंभीर से लेते हुए एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए।