फीस रिफंड की मांग को लेकर एसबीएस कॉलेज के गुस्साए छात्रों ने सड़क पर लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
टूर की फीस वापस मांगने सहित विभिन्न मुद्दों पर बालावाला स्थित सरदार भगवान सिंह पीजी इंस्टीट्यूट के छात्रों ने सोमवार को सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने कॉलेज के गेट पर ताला लगा दिया। पुलिस ने छात्रों को किसी तरह वहां से हटाया। इसके बाद छात्र कॉेलेज कि गेट पर धरने पर बैठ गए। देर शाम तक उनका धरना जारी था।
एसबीएस पीजी कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र सोमवार को विरोध पर उतर आए। उनका आरोप है कि संस्थान ने एजुकेशनल टूर के लिए प्रत्येक छात्र से 13500 रुपये शुल्क जमा कराया है। इसके अलावा इंडस्ट्रियल टूर के लिए साढ़े पांच हजार रुपये जमा किए गए हैं। हर साल एजुकेशनल टूर फरवरी में राजस्थान जाता है। इस साल मार्च आधा बीतने को है लेकिन टूर नहीं ले जाया गया।
जब छात्रों ने पूछा तो बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में एजुकेशनल टूर ले जाया जाएगा। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि इंडस्ट्रियल टूर सेलाकुई की एक छोटी सी फैक्ट्री में ले जाया गया है। छात्र इसके विरोध में उतर आए। उन्होंने संस्थान प्रबंधन से मांग की है कि दोनों टूर के उनके 19 हजार रुपये लौटाए जाएं। वहीं, संस्थान प्रबंधन का कहना है कि टूर ले जाने में इस साल किसी वजह से देरी हुई है लेकिन जल्द ही टूर ले जाया जाएगा। छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।