देहरादून। निजी कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ आंदोलन कर रहे आयुर्वेद विवि के छात्रों ने बुधवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से वार्ता की। इस दौरान चात्रों ने निजी कॉलेजों की मनमानी की जानकारी दी। राज्यपाल ने छात्रों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आंदोलनकारी छात्र शिवम तिवारी, शिवम शुक्ला और प्रगति जोशी ने बुधवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद निजी कॉलेजों द्वारा शुल्क नहीं लौटाने, परीक्षा फॉर्म भरने पर रोक आदि समस्याओं की जानकारी दी। राज्यपाल ने जल्द ही विवि के कुलपति से वार्ता कर इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। उधर, बुधवार को भी छात्र परेड ग्राउंड में धरने पर बैठे रहे। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं निकलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
एनएसयूआई ने भी दिया समर्थन
एनएसयूआई ने भी आयुर्वेद विवि के छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ ममगाईं ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं। निजी कॉलेज हाईकोर्ट के आदेशों की अवमानना कर रहे हैं। छात्र परेशान हैं, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो सीएम आवास कूच किया जाएगा।