एमकेपी कॉलेज में NSUI का सभी पदों पर कब्जा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
साल भर के अंतराल के बाद आज शनिवार को प्रदेश भर के शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुए। तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। परिणाम आने भी शुरू हो गए। शहर के चार अशासकीय और दो शासकीय महाविद्यालयों में चुनाव के लिए छात्रों में भारी उत्साह दिखा।
राजधानी के एकमात्र महिला कॉलेज एमकेपी पीजी कॉलेज में सभी पदों पर एनएसयूआई की जीत दर्ज की है। एनएसयूआई के अध्यक्ष पद की उम्मीदवार बिपाशा ने जीत दर्ज की। उन्होंने एबीवीपी की शिवानी रावत को हराया। बिपाशा को 181 और शिवानी रावत को 140 मत मिले।
उत्तराखंड के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज का छात्रसंघ चुनाव इस साल दिलचस्प है। अध्यक्ष पद पर मुकाबला भले त्रिकोणीय हो गया लेकिन इस पद के लिए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच सीधी टक्कर होगी।
यहां 4756 छात्राएं और 4285 छात्र अपने वोट का प्रयोग करेंगे। इनके लिए कुल 16 बूथ बनाए गए। इसमें आठ छात्राओं के लिए और आठ छात्रों के लिए रहेंगे। जबकि डीबीएस (पीजी) कॉलेज में छह पदों के लिए 32 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
डीएवी पीजी छात्र संघ चुनाव: मतगणना स्थल पहुंचे आईजी गढ़वाल
डीएवी पीजी छात्र संघ चुनाव की मतगणना के दौरान उस समय हलचल मच गई जब एक प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना को लेकर आपत्ति दर्ज कर विरोध जताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप मतगणना स्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। प्रत्याशी समर्थकों ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की। मौके पर प्रशासन और सुरक्षाबलों की उपस्थिति रही, जिससे हालात को नियंत्रित किया गया। मतगणना प्रक्रिया आगे जारी है।