प्रदेश के महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में हुए छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उसने 56 महाविद्यालयों में अध्यक्ष और 46 महाविद्यालयों में महासचिव के पद सहित कुल 327 पदों पर जीत दर्ज की है। वहीं एनएसयूआई के 32 प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, 17 पर महासचिव समेत 218 पदों पर विजय हासिल की है।
एबीवीपी के मुताबिक, छात्रसंघ चुनाव में वोटिंग से पहले ही 152 पदों पर उनके प्रत्याशियों की निर्विरोध विजय हो गई थी, जिसमें अध्यक्ष पद पर 22, उपाध्यक्ष पद पर 19, महासचिव पद पर 23, सहसचिव पद पर 21, कोषाध्यक्ष पद पर 20, विवि प्रतिनिधि पद पर 25, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर 11 एवं सांस्कृतिक सचिव के 11 पदों पर जीत शामिल है। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने सभी विद्यार्थियों को आभार जताया। प्रदेश मंत्री रितांशु कंडारी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद उत्तराखंड में युवाओं के रोजगार, परिसरों की स्थानीय समस्याओं व सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आदि के मुद्दों पर बीते वर्ष लगातार मुखर रही है।
Uttarakhand BJP: हर वर्ग को साधने के लिए भाजपा ने बनाए 13 प्रकोष्ठ, चार और प्रकोष्ठ बाद में बनाए जाएंगे
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि प्रदेश में हुए छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने 42 कॉलेज में दमदार जीत दर्ज की है। इनमें मुख्यमंत्री की पूर्व विधानसभा खटीमा में एनएसयूआई के सभी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। डीएवी पीजी कॉलेज, डीबीएस पीजी कॉलेज, मालदेवता पीजी कॉलेज, मसूरी कॉलेज में विवि प्रतिनिधि पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने बताया कि बागेश्वर में सभी चार महाविद्यालयों में एनएसयूआई का पैनल जीता है। काशीपुर महाविद्यालय में पहली बार एनएसयूआई के महासचिव प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।