डीएवी पीजी कॉलेज में इस बार भी भगवा लहराया। छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र बिष्ट ने एनएसयूआई के प्रत्याशी को 591 मतों के भारी अंतर से हराया। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने लगातार 12वीं जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया है। महासचिव पद पर आर्यन ग्रुप के शूरवीर चौहान ने जीत हासिल की। हालांकि एनएसयूआई की अंजली चमोली ने विवि प्रतिनिधि पद पर बंपर वोटों से जीत दर्ज की है।
विज्ञापन
डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में इस साल अध्यक्ष, महासचिव और विवि प्रतिनिधि पद पर मतगणना की शुरुआत से ही एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशी जितेंद्र बिष्ट ने 1850 मत हासिल किए, जबकि एनएसयूआई प्रत्याशी आदित्य बिष्ट को 1259 वोट मिले। महासचिव पद पर आर्यन ग्रुप के प्रत्याशी शूरवीर चौहान को 1837 वोट मिले तो सत्यम शिवम के प्रत्याशी सचिन नैथानी को 1210 वोट मिले।
विवि प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की अंजली चमोली को 2578 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पंकज कुमार को मात्र 394 वोटों से संतोष करना पड़ा। उपाध्यक्ष पद पर दिवाकर ग्रुप के सचिन त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष पद पर निर्दलीय आयुषी सकलानी, सहसचिव पद पर निर्दलीय आकाश रावत ने जीत दर्ज की। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. डीके त्यागी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके बाद छात्रों ने जुलूस निकालकर जश्न मनाया।