पेट्रोल की बोतल लेकर छत पर चढ़े छात्र
- फोटो : amar ujala
बीएससी छठवें सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही बरते जाने से आंदोलनरत एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
छात्रों ने निदेशक कार्यालय में तोड़फोड़ करने के साथ ही विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान छात्रसंघ महासचिव बृजेश खाती और राहुल रावत पेट्रोल की बोतल लेकर परिसर की छत में चढ़ गए और कुलपति व कुलसचिव को वार्ता के लिए परिसर में बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
छात्रों का आक्रोश देखकर पुलिस भी परिसर में पहुंच गई थी, लेकिन गेट बंद होने की वजह से निदेशक कार्यालय में नहीं जा पाई। परिसर के प्रभारी निदेशक प्रो. बीके अग्रवाल, प्रो. सुबोध कुमार मैठाणी और पुस्तकालय अध्यक्ष हंसराज बिष्ट ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन कराए जाने का आश्वासन भी दिया, लेकिन छात्र कुलपति और कुलसचिव को वार्ता के लिए बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों ही छात्र छत पर डटे हुए हैं।