एमबी कॉलेज के सामने एनएसयूआई के दो गुटों की भिड़त ने बड़ा रूप ले लिया। सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार को कॉलेज में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई।
बुधवार को सीओ खुद अपनी पुलिस टीम के साथ कॉलेज पहुंचे। इस दौरान छात्रों की पुलिस से झड़प भी हुई। कैनोपी को कॉलेज परिसर से हटाया जा रहा है।
हल्द्वानी के एमबी डिग्री कॉलेज के सामने नैनीताल मुख्य मार्ग पर एनएसयूआई के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को लठियाया तो भगदड़ मच गई। पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे छात्रों को नैनीताल मुख्य मार्ग और पार्कों से दूर तक दौड़ाया।
अफरा-तफरी के बीच नैनीताल मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन थम गया। घटना के संबंध में एनएसयूआई अध्यक्ष पद प्रत्याशी हर्षित जोशी ने अमन सुयाल के भाई आकाश सुयाल और नंदन नयाल एवं कार्तिक पांडेय के खिलाफ नामजद तहरीर भौटिया पड़ाव चौकी में दी है। तहरीर में समर्थकों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से अभी छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन एमबी कॉलेज में चुनाव को लेकर छात्रों के बीच तनाव दिन-ब-दिन बढ़ने लगा है। छात्रों के बीच मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही है। मंगलवार को कॉलेज परिसर में हुड़दंग करने के बाद छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशियों के जुलूस दोपहर करीब डेढ़ बजे कॉलेज गेट से बाहर निकल रहे थे।
तभी नैनीताल रोड पर कॉलेज गेट के सामने एनएसयूआई के छात्रसंघ अध्यक्ष पद प्रत्याशी हर्षित जोशी के समर्थकों और एनएसयूआई के दूसरे गुट के दावेदार अमन सुयाल के भाई आकाश सुयाल के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि हर्षित का समर्थन करने को लेकर उसके समर्थक छात्र गौरव के साथ मारपीट की गई। अमन गुट के छात्रों द्वारा हर्षित के समर्थकों को पीटने की सूचना जब एनएसयूआई के दूसरे छात्रनेताओं को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई, जिससे नैनीताल रोड पर अफरातफरी मच गई।
एनएसयूआई के छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी हर्षित जोशी ने विरोधी गुट के छात्रों को पकड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उसे रोक दिया, इसको लेकर पुलिस से भी नोक झोक हुई। इधर, सूचना मिलने पर कोतवाली और भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी से काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। कोतवाल आरएस मेहता ने पहले दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। मामला शांत न होते देख पुलिस ने लाठी फटकार कर छात्रों को खदेड़ दिया। बाद में पुलिस ने कालेज के सामने ठंडी सड़क किनारे एवं पार्कों में जमा छात्रों को भी दौड़ा दिया।
इधर, एनएसयूआई के छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी हर्षित जोशी का कहना है कि एनएसयूआई से टिकट न मिलने की वजह से अमन सुयाल व उसके समर्थक इस तरह की हरकतें कर उसे परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं।
छात्रों ने पुलिस चौकी घेरी
मारपीट की घटना के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। हर्षित जोशी जब अपने समर्थकों के साथ वहां रिपोर्ट लिखाने पहुंचा तो चौकी के गेट पर मौजूद अमन सुयाल के भाई से विवाद हो गया।
पुलिस ने बमुश्किल छात्रों को तितर बितर किया। इस दौरान छात्रों ने चौकी पर हंगामा भी किया। चौकी प्रभारी दिनेश नाथ ने बताया कि हर्षित जोशी एवं अमन सुयाल ने अपने समर्थकों के साथ चौकी में आकर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस दौरान युवक कांग्रेस के गुरुप्रीत सिंह पि्रंस, सुशील ड़ंगराकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लाल सिंह पवार आदि मौजूद रहे।