देहरादून। नगर निगम के 100 वार्डों में अब स्ट्रीट लाइटें टाइमर से जलेंगी और बुझेंगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी टेक्निकल बिड खुल चुकी है अब फाइनल टेंडर होना है।
देहरादून नगर निगम क्षेत्र के 100 वार्डों में 99 हजार स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इनमें से शहर के अकेले 60 वार्डों में 53 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें हैं। शहर के बाहरी क्षेत्रों में जो नगर निगम के अधीन आते हैं, उनमें भी स्ट्रीट लाइटें की संख्या बढ़ाए जाने की योजना है। स्ट्रीट लाइटों को जलाने और बुझाने की कोई सटीक ऑटोमेटिक व्यवस्था न होने की वजह से बेवक्त स्ट्रीट लाइटें जलती रहती हैं। इससे बिजली के बिल के रूप में हर महीने लाखों रुपये का नुकसान होता है। अब सभी स्ट्रीट लाइटों में टाइमर लगाने की योजना है।
हर महीने 10 लाख रुपये का नुकसान
नगर निगम के स्ट्रीट लाइट सुपरवाइजर राकेश राणा ने बताया कि स्ट्रीट लाइटों के दिन में जलने की वजह से हर महीने निगम को लगभग 10 लाख रुपये का बिजली बिल अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता है। टाइमर लगाए जाने से इस वित्तीय हानि से बचा जा सकेगा। साथ ही कई जगह रात के वक्त स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाती थीं। इस समस्या से भी निजात मिलेगी।
एक टाइमर से संचालित होंगी 100 स्ट्रीट लाइटें
राकेश राणा के अनुसार एक टाइमर से 100 स्ट्रीट लाइटें संचालित हो सकेंगी। इसके लिए निश्चित समय का टाइमर मशीन में फीड कर दिया जाएगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी इस व्यवस्था को लागू कराया जाएगा। टाइमर लगाने के लिए टेक्निकल बिड खुल चुकी है। सोमवार को इसकी फाइनल बिड होने के बाद जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।