मंगलवार को देर रात राजधानी देहरादून सहित आसपास के इलाकों में तेज आंधी चली। जिसके बाद हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली।
मंगलवार को देर रात करीब डेढ़ बजे तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। जो बुधवार सुबह तक जारी रही। बारिश रुकने के बाद देहरादून में बादल छाए रहे। तापमान गिरने से लोगों को गर्मी और उमस से निजात मिली। हालांकि कई जगह पेड़ गिरने और होर्डिंग टूटे। कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई।
वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश से पौड़ी मार्ग पर मलबा आ गया। पिथौरागढ़ में थल मुनस्यारी मोटर मार्ग बनिक के पास बंद हो गया था जिसे सुबह नौ बजे खोल दिया गया। रुद्रपुर, नैनीताल, चमोली, हेमकुंड साहिब में रुक-रुक कर बारिश हुई। वहीं कौसानी, गरुड़ और चंपावत में बादल छाए रहे।