अवैध तरीके से उपखनिज खरीदने के आरोप में संयुक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में राजस्व टीम ने एक स्टोन क्रशर को सीज कर दिया है। टीम ने कुछ अन्य स्टोन क्रशरों पर स्टॉक के बारे में जानकारी जुटाई।
मंगलवार तड़के बाजपुर के एसडीएम एके बाजपेई और तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान के नेतृत्व में जंगलात एवं राजस्व टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान उपखनिज से लदे छह वाहन काशीपुर तहसील की सीमा में भाग गए। पीछा करने पर उपखनिज लदे वाहन ढकिया रोड स्थित ब्रूकहिल स्टोन क्रशर में घुस गए।
स्टोन क्रशर काशीपुर क्षेत्र में होने के कारण एसडीएम बाजपुर बाजपेयी ने सूचना काशीपुर के संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव कुमार को दी। संयुक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तहसीलदार काशीपुर विपिन चंद्र पंत एवं राजस्व टीम ने मौके पर पहुंच कर ब्रूकहिल स्टोन क्रशर सीज कर दिया।
टीम ने कुछ अन्य स्टोन क्रेशरों पर भी स्टॉक के बारे में जानकारी जुटाई। इधर, एसडीएम एपी बाजपेई ने बताया कि वन और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र में 11 स्थानों को चयनित किया है, जहां पिकेट स्थापित की जाएगी। इसके बाद अवैध रूप से उपखनिज ले जाने की घटनाओं में कमी आएगी।