गुरुवार को दून के राजपुर रोड स्थित होंडा के शोरूम में बीएस 3 वाहनों की जमकर बिक्री हुई। इसके बाद अब शोरूम में बीएस 3 का स्टॉक खत्म हो गया है।
लेकिन लोग शुक्रवार को भी शोरूम पहुंचे और घंटो तक शोरूम के आगे खड़े रहे।
इसके चलते शोरूम संचालकों ने गेट पर ताला जड़ दिया। लेकिन इसके बाद भी वहां भीड़ खत्म नहीं हो रही। लोग अभी भी बीएस 3 की डिमांड कर रहे हैं।
वहीं शोरूम में bs4 बाइक का भरपूर स्टॉक पहुंच चुका है। लेकिन इसके रेट में 500 -1000 रुपये तक का अंतर बताया जा रहा है।
यह है नया फीचर
इसके साथ ही अब हो सकता है कि इसके रेट बढ़ जाएं। वहीं चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक से लाइट का बटन गायब है। ऐसे में अब बाइक की लाइट हमेशा जलती रहेगी।
लेकिन घबराइए नहीं, दरअसल 1 अप्रैल 2017 से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय बीएस-4 मानकों को पूरी तरह से लागू करने जा रहा है। हौंडा ने अपनी नई एविएटर में ज्यादा बदलाव न करते हुए, इसे बीएस-4 मानक के अनुसार और ऑटोहेडलैंप ऑन दिया है।
अभी तक यह फीचर सिर्फ कुछ हाई एंड मोटरसाइकिलों में ही था लेकिन अब दुपहिया सुरक्षा को देखते हुए सरकार ने अब यह सबके लिए अनिवार्य कर दिया गया है। मतलब जैसे ही आपकी बाइक स्टार्ट होगी लाइट खुद जल जाएगी। वहीं जब लाइट खुद बंद होगी इंजन भी तभी बंद होगा।
एक दिन में ही बिक गई सा़ढ़े चार सौ वाहन
इन पर 15 से 20 हजार रुपये की छूट ने मारामारी और बढ़ा दी। दोपहर दो बजे तक सभी शोरूम खाली हो गए। एक अप्रैल से इन स्कूटी पर रोक लग रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आदेश जारी किया था कि बीएस 3 स्टैंडर्ड के वाहन भारत में एक अप्रैल से नहीं बिकेंगे। इससे बाइक कंपनियों में हड़कंप मच गया।
होंडा, हीरो, यामाहा, महिंद्रा और टीवीएस की बीएस 3 स्टैंडर्ड वाली सभी बाइक्स दोपहर दो बजे तक ही बिक गई।
अनुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार को ही करीब 400 होंडा एक्टिवा, करीब 350 मैस्ट्रो, करीब 230 यामाहा की स्कूटी और करीब इतनी ही महिंद्रा व टीवीएस की स्कूटी बिक गईं।