- लंबित मांगों पर एसोसिएशन ने लिया आंदोलन का एलान
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टॉफ एसोसिएशन ने लंबित मांगों पर आंदोलन का एलान किया है। छह अप्रैल को कर्मचारी सचिवालय कूच करेंगे। इसके बाद भी सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लेंगे।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि विभाग व शासन स्तर पर कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। एसोसिएशन की मांग है कि मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के ढांचे का पुनर्गठन कर राज्य कर अधिकारी पद की संशोधित नियमावली को लागू किया जाए। उन्होंने वर्ष 2008 व 2015 में अधिकारियों के ढांचे का पुनर्गठन किया गया। इसके बाद 2024 में दोबारा पुनर्गठन कर 49 पदों को बढ़ाया गया। लेकिन कर्मचारियों के एक भी पद नहीं बढ़ाए गए। एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि छह अप्रैल को कर्मचारी सचिवालय का घेराव करेंगे।