देहरादून। कैबिनेट विस्तार के बाद नए मंत्री खजानदास और भरत सिंह चौधरी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालयों का उद्घाटन कर कामकाज संभाला। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। मंत्री खजान दास ने कहा कि समाज कल्याण विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा है। उनकी प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की होगी। वह इससे पूर्व वर्ष 2009-10 में भी इस विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। स्पष्ट किया कि विभाग की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए वह स्वयं निगरानी करेंगे। जल्द ही वह प्रदेश के सभी 13 जिलों का दौरा कर जनता से सीधे संवाद स्थापित करेंगे। इसकी शुरुआत कुमाऊं मंडल से होगी।
वहीं, मंत्री भरत चौधरी ने भी बृहस्पतिवार को विधानसभा स्थित कार्यालय का उद्घाटन कर कामकाज संभाला। उन्होंने कहा कि मंत्री पद के रूप में जो समय उन्हें मिला है, उसमें वह बेहतर कार्य करके दिखाएंगे। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हुए हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया जा सकता है। उनकी प्राथमिकता होगी कि योजनाओं को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। ब्यूरो