क्राइम सीन पर भौतिक साक्ष्यों को इकठ्ठा करने के लिए ऑल परपज क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट हर थाने में पहुंचा दी गई है। इससे पुलिसकर्मी अपराध के बाद मौके से आसानी से साक्ष्यों को इकट्ठा कर सकेंगे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सोमवार को इसका पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही जिले को एक मोबाइल फोरेंसिक वैन भी उपलब्ध कराई गई है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत जघन्य अपराधों में मौके पर फोरेंसिक साक्ष्य संकलित करने आवश्यक हैं। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। अब अत्याधुनिक किट भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस लाइन में फोरेंसिक एक्सपर्ट ने पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इसमें साक्ष्यों का संकलन और उन्हें सील करने के तरीके बताए गए। इसके साथ ही नारकोटिक्स मामलों में ड्रग डिटेक्शन की कार्रवाई और घटनास्थल से फिंगर प्रिंट्स, फुट प्रिंट्स और अन्य साक्ष्यों को संकलित करना बताया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट का इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक भौतिक साक्ष्यों के संकलन और प्रत्येक घटनास्थल पर मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से ही साक्ष्यों को संकलन करने के निर्देश दिए गए।