- सरकारी व निजी चिकित्सा संस्थानों में चलाया गया जागरूकता अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने विशेष जागरूकता अभियान चलाकर आयुष्मान योजना व आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के बारे में जानकारी दी। प्राधिकरण ने 70 व उससे अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज के लिए वय वंदना कार्ड बनाने के लिए प्रेरित किया।
सोमवार को राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद सिंह ह्यांकी व मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीना जोशी के दिशानिर्देश पर प्राधिकरण ने देहरादून जिले के विभिन्न सरकारी व निजी अस्पतालों में जागरूकता अभियान चलाया। अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके तीमारदार व ओपीडी में आए लोगों को आयुष्मान व एबीडीएम की जानकारी दी गई। प्राधिकरण ने सभी पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान योजना व आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान की पहल की है।
प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक नवीन शुक्ला, नवीन चमोली व एबीडीएम के प्रणव शर्मा ने आयुष्मान योजना के प्रचार के साथ ही विशेष तौर पर 70 वर्ष या उससे अधिक आयुवर्ग के लोगों के लिए संचालित वय वंदना कार्ड के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिन लोगों को आयुष्मान कार्ड नहीं बने उनसे कार्ड बनाने की अपील की गई। आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर उन्हें योजना का लाभ मिल सके। साथ ही सड़क हादसे में घायल हुई पीड़ितों को डेढ़ लाख या एक सप्ताह तक जो भी पहले हो के तत्काल उपचार के बारे में जानकारियां दी गईं।
एबीडीएम के तहत आभा आईडी के महत्व, स्वास्थ्य रिकार्ड का डिजिटलाइजेशन की व्यवस्था के लाभ व किसी जानकारी, सुझाव शिकायत के निस्तारण के लिए जारी टोल फ्री नंबर के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर अस्पतालों में आयुष्मान योजना को लेकर मरीजों को भ्रमित करने वाले तत्वों से सावधान रहने की अपील की है।