उत्तराखंड में स्टार्टअप उद्यमी बनने के लिए 103 इनोवेशन आइडिया का चयन किया गया है। 23 व 24 फरवरी को आयोजित होने वाले स्टार्टअप यात्रा के ग्रैंड फिनाले में चयनित आइडिया से दस सर्वश्रेष्ठ आइडिया को पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। जिसमें सरकार की ओर से प्रत्येक स्टार्टअप आइडिया को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने स्टार्टअप उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए सितंबर व अक्तूबर 2019 में जिले स्तर पर स्टार्टअप यात्रा के माध्यम से बूट कैंप आयोजित किए थे। आईआईटी रुड़की, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, उत्तराखंड पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी व पीएचडी चेंबर ऑफ कामर्स के माध्यम से आयोजित इन बूट कैंपों में 2400 युवाओं ने भाग लिया। जिसमें 320 छात्रों ने स्टार्टअप के लिए अपना आइडिया प्रस्तुत किया था।
इसके बाद राज्य स्तर पर होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए 103 इनोवेशन आइडिया का चयन किया गया। उद्योग विभाग ने ग्रैंड फिनाले की तैयारियां शुरू कर दी है। जिसमें जिले स्तर पर चयनित आइडिया के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।
औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञ दस सर्वश्रेष्ठ आइडिया को पुरस्कार के लिए चुनेंगे। उद्योग निदेशक सुधीर चंद्र नौटियाल ने बताया कि दस सर्वश्रेष्ठ आइडिया को स्टार्टअप उद्यमी के रूप में सरकार से मान्यता भी मिलेगी।