- देहरादून में अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट शुरु, खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। दून मेें रविवार को अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में आठ से अधिक देशों के 100 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने शांति टेनिस अकेडमी में आयोजित प्रतियोगिता का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, खेल अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की भावना को विकसित करते हैं। उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उत्तराखंड में आयोजित 38 वें राष्ट्रीय खेलों ने साबित कर दिया है कि राज्य बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है। देश आने वाले समय में कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक गेम्स की मेजबानी में भी आगे बढ़ रहा है। खेल के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर देश और प्रदेश के नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, संरक्षक प्रदीप कुमार वालिया, महासचिव सुमित गोयल आदि मौजूद रहे।