वैसे तो महिला दिवस पर प्रदेशभर में तमाम तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लेकिन यह महिला दिवस इनके लिए बेहद खास बन गया।
समाज कल्याण विभाग से लेकर महिला आयोग और कुछ निजी संस्थानों ने नारी निकेतन की संवासिनियों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए और उन्हें अहसास करवाया कि वे भी समाज का हिस्सा हैं।
नारी निकेतन में रहने वाली संवासिनियों के लिए महिला कल्याण विभाग की ओर से ‘नया सवेरा’ नाम से एक फेसबुक पेज लांच किया गया। इस पेज पर अब तक घर लौटीं संवासिनियों की सफल कहानी दी गई है। साथ ही नारी निकेतन में रहने वाली संवासिनियों के नाम और फोटो भी पेज पर डाले गए हैं। ताकि इनके घर के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर लोग संपर्क कर सकें।
बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कल्याण विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एमकेपी कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला कल्याण विभाग की सचिव डॉ. भूपेंद्र कौर औलख ने फेसबुक पेज लांच किया। उन्होंने कहा कि इस पेज के माध्यम से वाकई में संवासिनियों के जीवन में नया सवेरा आ सकता है।
कोई भी व्यक्ति इस पेज के जरिये संवासिनियों की फोटो, नाम आदि जानकारी ले सकता है। हो सकता है कि किसी संवासिनी के घर की ही जानकारी मिल जाए। इसके लिए नारी निकेतन सहित अन्य पते भी इसमें दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस पेज पर संवासिनियों के घर जाने की सफल कहानियां भी दी गई हैं। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत महिला बैंड के गढ़वाली गीत से हुई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी, महिला कल्याण के अपर सचिव मनोज चंद्रन, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके सिंह आदि उपस्थित थे।