विधानसभा चुनाव में नौ का अंक रहस्य बन गया है। इस नंबर को लेकर कई अनुमान लगाए जा रहे हैं। लेकिन चुनाव में यह अंक किसके के लिए लकी होगा यह अभी देखना बाकी है।
यहां बात हो रही कर्णप्रयाग चुनाव की। कर्णप्रयाग विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार (आज) को मतदान होगा। इस बार कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में हो रहे चुनावों के लिए 9 के अंक को भी खास माना जा रहा है। 9 मार्च को होने वाले मतदान के लिए 9 प्रत्याशी मैदान में हैं तो मतदाता भी 91849 हैं। मतदान केंद्र भी 169 हैं। ऐसे में किसके लिए 9 का अंक लकी साबित होगा यह भी चुनावों के दौरान चर्चा का विषय बना है।
यहां कुल 91,849 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 46,268 पुरुष और 45,581 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 28 मतदेय स्थलों को संवेदनशील और आठ मतदेय स्थलों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन सभी मतदेय स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।