प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में जल्द ही स्पेस टेक्नोलाजी का प्रयोग किया जाएगा। इससे सेटेलाइट के माध्यम से सड़कों के निर्माण पर नजर रखी जा सकेगी। यह तकनीक देश के सभी राज्यों में शीघ्र लागू होगी। रविवार को आईआईटी रुड़की पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर जहां सड़कों के निर्माण में नई तकनीक का इस्तेमाल कर रही है, वहीं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी के तहत अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में स्पेस टेक्नोलाजी शुरू की जा रही है। इससे योजना के तहत बनने वाली सभी सड़कों की सेटेलाइट के जरिए फोटोग्राफी की जाएगी, जिस पर उच्चाधिकारियों और मंत्रालय की सीधी नजर होगी।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में उत्तराखंड सहित 14 राज्यों में जल्द ही इस तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। कारण कि इन राज्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मेंटिनेंस पालिसी लागू हो गई है। इसके बाद इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्पेस पालिसी से पीएमजीएसवाई में भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सकेगा और योजना को गति मिल सकेगी।