उत्तर प्रदेश के रामपुर का एक लकड़ी तस्कर उत्तराखंड के तराई के जंगलों में पेड़ों पर आरी चलवा रहा है। अवैध कटान में लगातार बढ़ रही संलिप्तता से यह तस्कर वन महकमे के लिए ‘वीरप्पन’ बन गया है। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की एसओजी इसकी तलाश में रामपुर, मुरादाबाद में दबिश भी दे रही है।
ऊधमसिंह नगर के तराई केंद्रीय वन प्रभाग में घना जंगल है। करीब 40 हजार हेक्टेयर में फैले इस जंगल में यूकेलिप्टिस, पापुलर जैसी इमारती लकड़ी के साथ ही खैर, सागौन, शीशम के बेशकीमती पेड़ भी हैं। एसओजी के मुताबिक रामपुर के स्वार का रहने वाला एक लकड़ी तस्कर जंगल में तस्करी की वारदातें अंजाम दे रहा है।
इस तस्कर के इशारे पर पेड़ों पर आरी चलाई जा रही है। अभी तक एसओजी और वन महकमे ने जितनी तस्करी की गाड़ियां गदरपुर, बिलासपुर रोड से पकड़ी हैं सभी रामपुर की तरफ जा रही थी। टीम ने जनवरी से अब तक सात वाहन सीज किए जा चुके हैं, जबकि 200 क्विंटल खैर 11 गिल्टे सागौन और 8 गिल्टे शीशम के पकड़े जा चुके हैं।