समाजसेवी दर्शन भारती के छोटे भाई सर्वेश भारती ने शुक्र्रवार को जहर पीकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उन्हें गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सर्वेश प्रापर्टी डीलर थे और लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। पुलिस के अनुसार बीमारी के कारण डिप्रेशन में आकर उन्होंने यह कदम उठाया। परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। कोतवाल बीबीडी जुयाल ने बताया कि सर्वेश भारती हर्रावाला में रहते थे। काफी समय से वे गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे।
चिकित्सकों के अनुसार उनके कई अंग फेल हो गए थे। इसके चलते वे इलाज के लिए अपने भाई दर्शन भारती के घर राजपुर रोड में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने कमरे में गए और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने आवाज लगाई तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। इस पर दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि सर्वेश बेहोश पड़े थे।
उनके नजदीक ही जहरीले पदार्थ की खाली शीशी पड़ी हुई थी। परिजनों ने अपने निजी वाहन से उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान शाम करीब चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने सर्वेश के शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसलिए पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई नहीं की। पोस्टमार्टम न कराने की मांग को लेकर परिजन जिलाधिकारी के पास गए थे। खबर लिखे जाने तक उनकी मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया गया था।