कांग्रेस नेताओं के साथ शराब बांटते हुए अल्मोड़ा जिले के सल्ट थानाध्यक्ष अंबीराम को रविवार को उड़नदस्ते ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार से शराब की 12 बोतलें बरामद करने के साथ थानाध्यक्ष समेत आठ के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। इनमें चार कांग्रेसी नेता भी शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष को रंगे हाथाें पकड़कर अधिकारियों का यह जानकारी दी थी। दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ सोमवार को जेल भेजने की तैयारी है। विभागीय जांच में पर्यवेक्षण अधिकारी भी जांच के दायरे में आ गए हैं।
अल्मोड़ा जिले के सल्ट थानाध्यक्ष अंबीराम की रविवार को सामने आई क रतूत ने पूरे पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया। कांग्रेस नेताओं से नजदीकियों के चलते एसओ राजनीतिज्ञों के निशाने पर थे। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की तरफ से आयोग में शिकायत की गई थी कि पुलिस वाहनों से शराब बांटी जा रही है। रविवार को गैराज इलाके में थानाध्यक्ष के कांग्रेस नेताओं के साथ शराब बांटने की सूचना आई तो भाजपाइयों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़कर बंधक बना लिया। जबकि पुलिस वाहन में सवार कांग्रेस नेता कूदकर भाग गए। इस बीच जिलाधिकारी और एसएसपी को शिकायत की गई तो उड़न दस्ते को मौके पर भेजा गया। आरोप की पुष्टि हुई तो पुलिस में हड़कंप मच गया।
डीजीपी एमए गणपति ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने के आदेश दिए। आईजी कानून व्यवस्था दीपम सेठ ने मुख्यालय पर मीडिया को बताया कि पुलिस वाहन से बरामद हुई शराब की 12 बोतलों को सीज कर उड़नदस्ते के प्रभारी जगराम गौतम की तरफ से 60 आबकारी एक्ट, 123 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है, जिसमें थानाध्यक्ष अंबीराम, पुलिस वाहन चालक दीपक गोस्वामी, महिला पीआरडी रजिया बेगम, कांग्रेस कार्यकर्ता मनमोहन सिंह बंगारी, पूर्व प्रधान गौरव सिंह बिष्ट और दो अन्य को आरोपी बनाया गया है। आईजी दीपम सेठ ने बताया कि सीओ संजय विश्नोई को विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्हाेंने बताया कि थानाध्यक्ष के पर्यवेक्षण अधिकारी भी जांच के दायरे में रहेंगे, लेकिन अग्रिम कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर होगी।