चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रूद्रनाथ में बुधवार को दोपहर बाद दूसरे दिन भी बर्फबारी हुई।
बारिश के साथ ओलावृष्टि
निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। चमोली को छोड़कर बाकी सभी जगह मौसम सामान्य रहा। कर्णप्रयाग में बुधवार को दिनभर मौसम मिजाज बदलता रहा। सुबह चटख धूप के बाद अपराह्न आसमान बादलों से घिर गया।
गरज के साथ बारिश के छींटे गिरे। नारायणबगड़ में जोरदार बारिश हुई। शाम को आसमान साफ हो गया। पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बुधवार दोपहर बाद फिर हिमपात हुआ।
इसके बाद भारत तिब्बत सीमा पुलिस के सभी बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) फिर बर्फ से ढक गए हैं। कैलास मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग भी बर्फ से लबालब हो गया।
बूंदी में पांच फुट तक बर्फ गिरी
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी के मौसम विभाग केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में कुटी में 6.6 फुट, कालापानी में 6.2 फुट, गुंजी में 5.5 फुट और बूंदी में पांच फुट तक बर्फ गिरी है।
वहीं, हरिद्वार में मौसम के बार-बार बदलते मिजाज से बीमारियों ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। अचानक बढ़े तापमान से टाइफाइड, डायरिया, मौसमी बुखार, खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
अस्पतालों में बुखार एवं डायरिया के करीब 200 मरीज रोज पहुंच रहे हैं। राज्य मौसम केंद्र की मानें तो बृहस्पतिवार को राज्य में मौसम सूखा और आसमान साफ रहने का अनुमान है। शुक्रवार को मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है।